
चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA) के सफर में CA Intermediate स्तर को पार करना सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव माना जाता है। बहुत से छात्र इसके कठिन पाठ्यक्रम और मार्किंग स्कीम को लेकर हमेशा असमंजस में रहते हैं। अगर आप भी इस परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, तो इसके पासिंग क्राइटेरिया और एग्जेंप्शन के नियमों को बारीकी से समझना आपके लिए बेहद जरूरी है।
सही नियमों की जानकारी होने से न सिर्फ आपका तनाव कम होता है, बल्कि आप अपनी पढ़ाई की रणनीति भी बेहतर तरीके से बना सकते हैं। CA की परीक्षा का आयोजन करने वाली संस्था, ICAI के नए नियमों के अनुसार छात्रों के लिए पासिंग मार्क्स और एग्जेंप्शन की पूरी व्यवस्था को नीचे बताया जा रहा है।
CA Intermediate के किसी भी एक ग्रुप को क्लियर करने के लिए आपको दो मुख्य शर्तों को पूरा करना होता है जो इस प्रकार हैं –
विषय अनुसार न्यूनतम अंक: आपको प्रत्येक इंडिविजुअल पेपर में कम से कम 40% मार्क्स लाने होंगे।
कुल एग्रीगेट अंक: उस पूरे ग्रुप के सभी पेपरों के नंबर मिलाकर कुल 50% एग्रीगेट मार्क्स होने जरूरी हैं।
एक उदाहरण से यहां समझें: यदि आपके ग्रुप में कुल 3 पेपर हैं (कुल 300 मार्क्स), तो पास होने के लिए हर पेपर में न्यूनतम 40 नंबर होने चाहिए और तीनों का जोड़ कम से कम 150 नंबर (50%) होना अनिवार्य है।
अगर कोई छात्र किसी ग्रुप में कुल मिलाकर पास नहीं हो पाता, लेकिन उस ग्रुप के किसी विषय में उसके 60% या उससे अधिक अंक आ जाते हैं, तो उसे उस पेपर में एग्जेंप्शन मिल जाती है।
3-अटेम्प्ट का नियम: यह एग्जेंप्शन मिलने के बाद आपको अगले 3 लगातार प्रयासों तक वह पेपर दोबारा देने की जरूरत नहीं होती। बचे हुए पेपरों को पास करने के लिए आपको उनमें 40% नंबर और कुल मिलाकर 50% एग्रीगेट की शर्त पूरी करनी होगी l
स्थायी छूट का विकल्प: नए नियमों के अनुसार, अगर 3 प्रयासों के बाद भी आपका ग्रुप क्लियर नहीं होता है, तो आप उस एग्जेंप्शन को हमेशा के लिए परमानेंट करा सकते हैं। लेकिन ध्यान रहे, परमानेंट एग्जेंप्शन चुनने के बाद बचे हुए बाकी के सभी पेपरों में पास होने के लिए आपको व्यक्तिगत रूप से कम से कम 50% मार्क्स लाने होंगे (तब 40% वाला नियम लागू नहीं होगा)l
अनिवार्य शर्त: एग्जेंप्शन का लाभ केवल तभी मिलता है जब आपने उस ग्रुप के सभी पेपरों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई हो। अगर आप किसी एक भी पेपर में अनुपस्थित रहते हैं, तो आप एग्जेंप्शन के लिए अयोग्य हो जाते हैं।
अपनी एग्जेंप्शन यानी पेपर की छूट पाने के लिए आपको कोई कागज़ी फॉर्म भरने या भाग-दौड़ करने की बिल्कुल ज़रूरत नहीं है। ICAI का सिस्टम इसे अपने आप ऑटोमैटिक सेट कर देता है। आप बस इन 4 आसान तरीकों से इसे चेक कर सकते हैं:
स्टेप 1: SSP पोर्टल पर लॉग इन करें
सबसे पहले ICAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और अपने स्टूडेंट रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड की मदद से अपने स्टूडेंट अकाउंट में लॉग इन करें।
स्टेप 2: मार्कशीट के संकेत चेक करें
अपने पुराने रिजल्ट की मार्कशीट को ध्यान से देखें। जिस विषय में आपको एग्जेंप्शन मिली होती है, उस नंबर के आगे "#" का निशान बना होता है। वहीं जो एग्जेंप्शन आगे के लिए बढ़ाई गई हैं, उनके आगे "E" लिखा दिखाई देगा।
स्टेप 3: परमानेंट एग्जेंप्शन विंडो पर जाएं
अगर आपके सामान्य 3 प्रयासों का समय खत्म हो चुका है और आप उस एग्जेंप्शन को हमेशा के लिए लागू रखना चाहते हैं, तो अगले एग्जाम फॉर्म शुरू होने से पहले डैशबोर्ड पर दिख रहे नोटिफिकेशन लिंक को देखें।
स्टेप 4: विकल्प सबमिट करें
जिस विषय को आप हमेशा के लिए एग्जेंप्ट यानी छूट प्राप्त रखना चाहते हैं, उसे चुनें। इसके बाद बचे हुए पेपरों में कम से कम 50% नंबर लाने की नई शर्त वाले नोटिस को ध्यान से पढ़ें और अपनी कन्फर्मेशन सबमिट कर दें।
