
MPESB Group 3 Sub Engineer & Other Post 2026 Cancelled: मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने समूह-3 उपयंत्री, मानचित्रकार और अन्य समान पदों की भर्ती परीक्षा 2026 की मौजूदा भर्ती प्रक्रिया रद्द कर दी है। मंडल ने इस संबंध में एक जरूरी सूचना जारी की है।
मंडल के अनुसार, इस भर्ती का विज्ञापन 18 अगस्त 2026 को जारी किया गया था और इसी दिन से ऑनलाइन आवेदन शुरू हुए थे। इसके बाद अन्य विभागों और उनके सरकारी संस्थानों से भी उपयंत्री के खाली पदों की जानकारी मंडल को मिली है।

MPESB के अनुसार, 18 अगस्त 2026 को विज्ञापित भर्ती के बाद अन्य विभागों और उनके शासकीय उपक्रमों से रिक्त उपयंत्री पदों की भर्ती के लिए अतिरिक्त मांग पत्र मंडल को प्राप्त हुए हैं। इन रिक्तियों को भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया जाना है।
इसी कारण वर्तमान में जारी नियमपुस्तिका और आवेदन प्रक्रिया को निरस्त करने का निर्णय लिया गया है। नई रिक्तियों को शामिल करके अद्यतन नियमपुस्तिका और विज्ञापन जारी किया जाएगा।
मंडल की सूचना में बताया गया है कि विभागों से प्राप्त नई रिक्तियों को समाहित करने के बाद नवीन परीक्षा कार्यक्रम/तिथियों के साथ अद्यतन नियमपुस्तिका एवं विज्ञापन यथाशीघ्र जारी किया जाएगा।
अभी नई आवेदन तारीख या परीक्षा तारीख घोषित नहीं की गई है। उम्मीदवारों को नए आधिकारिक विज्ञापन का इंतजार करना चाहिए।
जिन अभ्यर्थियों ने पहले जारी विज्ञापन के अंतर्गत आवेदन-पत्र भर दिया है, उन्हें नई नियमपुस्तिका और विज्ञापन के अनुसार पुनः आवेदन करना होगा। यानी पुराने आवेदन को नए भर्ती विज्ञापन के लिए मान्य नहीं माना जाएगा।
मंडल ने यह भी स्पष्ट किया है कि पहले भरे गए आवेदन-पत्र की परीक्षा शुल्क वापस की जाएगी।
उम्मीदवारों को फिलहाल नए आवेदन के लिए जल्दबाजी करने की आवश्यकता नहीं है। उन्हें MPESB द्वारा जारी होने वाले नए विज्ञापन और संशोधित नियमपुस्तिका का इंतजार करना चाहिए।
नई भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के बाद उम्मीदवारों को पात्रता, पदों की संख्या, आवेदन तारीख, शुल्क, परीक्षा तिथि और अन्य नियमों की जानकारी नए विज्ञापन में मिलेगी।
