मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन के लिए होने वाली देश की सबसे बड़ी परीक्षा NEET UG 2026 Re Exam आज आयोजित की जा रही है। 3 मई को हुए पेपर लीक के बाद एनटीए (NTA) ने आज यानी 21 जून को दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया। इस परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए सरकार ने कड़े इंतजाम किए हैं। जहां एक तरफ पहली बार पेपर पहुंचाने के लिए भारतीय वायुसेना की मदद ली गई, वहीं परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी, जैमर और 2 लाख सुरक्षाकर्मियों की भारी तैनाती की गई है।
इस बार NEET UG 2026 Re Exam में करीब 22.79 लाख (लगभग 23 लाख) छात्र हिस्सा ले रहे हैं। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने छात्रों की सुविधा के लिए देश-विदेश के 564 शहरों में 5440 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। इनमें भारत के 551 शहर और विदेशों के 14 शहर शामिल हैं। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होकर शाम 5:15 बजे तक चलेगी, जिसके लिए छात्रों को सुबह 11 बजे से ही कड़ी चेकिंग के बाद एंट्री दी गई।
पिछली गलतियों से सबक लेते हुए इस बार परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए खास तैयारी की गई है। पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए पहली बार भारतीय वायुसेना के एयरक्राफ्ट का इस्तेमाल प्रश्नपत्रों को सुरक्षित ढंग से तय जगहों तक पहुंचाने के लिए किया गया। इसके साथ ही, देश भर के परीक्षा केंद्रों पर करीब 2 लाख सुरक्षाकर्मियों और अधिकारियों ने मॉक ड्रिल कर सुरक्षा संभाली है।
परीक्षा केंद्रों पर किसी भी तरह की तकनीकी गड़बड़ी रोकने के लिए 1.38 लाख से ज्यादा एचडी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सेंटर्स के आसपास जैमर लगाए गए हैं ताकि मोबाइल या इंटरनेट नेटवर्क काम न करे। उम्मीदवारों को मेटल डिटेक्टर (HHMD) से गहन तलाशी के बाद ही अंदर जाने दिया जा रहा है। किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, कलावा या भारी गहने पहनने पर सख्त पाबंदी लगाई गई है।
